East Singhbhum : झारखंड की 45-घाटशिला विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव की नामांकन प्रक्रिया सोमवार से औपचारिक रूप से शुरू हो गई। इस संबंध में अधिसूचना जारी करते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान चुनाव से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की।

उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा छह अक्टूबर को उपचुनाव की घोषणा के बाद से जिले में आदर्श आचार संहिता लागू हो चुकी है। अब नामांकन की प्रक्रिया 13 अक्टूबर से प्रारंभ होकर 21 अक्टूबर 2025 तक चलेगी। इच्छुक उम्मीदवार घाटशिला अनुमंडल कार्यालय से पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक नामांकन प्रपत्र खरीद सकते हैं। घाटशिला अनुमंडल पदाधिकारी सुनील चंद्र को इस उपचुनाव के लिए निर्वाची पदाधिकारी नियुक्त किया गया है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि प्रशासन स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार ईवीएम मशीन में कुछ तकनीकी बदलाव किए गए हैं। अब मतपत्र पर उम्मीदवारों के रंगीन फोटो, नाम और क्रम संख्या बड़े अक्षरों में अंकित होंगे, जिससे मतदान प्रक्रिया और अधिक स्पष्ट और पारदर्शी बनेगी।

सत्यार्थी ने बताया कि जिले में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के तहत कई जनसंपर्क और प्रचार-प्रसार गतिविधियां चलाई जा रही हैं ताकि मतदान प्रतिशत में वृद्धि हो सके। इसके साथ ही प्रशासन ने सभी अंतरराज्यीय और अंतरजिला चेकनाकाओं पर निगरानी बढ़ा दी है, जिससे चुनाव के दौरान शराब, नकदी, उपहार या अन्य अनुचित सामग्रियों के परिवहन पर रोक लगाई जा सके।

उन्होंने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर एश्योर्ड मिनिमम फैसिलिटी (AMF) के तहत आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है—इनके लिए होम वोटिंग सुविधा, मतदान केंद्र तक व्हीलचेयर, रैंप, वाहन और वॉलंटियर की व्यवस्था की जाएगी।

सत्यार्थी ने यह भी स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म सहित सभी मीडिया माध्यमों पर प्रशासन की सख्त निगरानी रहेगी। आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनता से अपील की कि वे निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें।

Share.
Exit mobile version