ड्यूटी से नदारद कर्मी, जन्म प्रमाण पत्र और आयुष्मान कार्ड ठप — कार्रवाई की मांग तेज
चैनपुर: चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (CHC) एक बार फिर अपने कर्मियों की लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना कार्यप्रणाली को लेकर सवालों के घेरे में है। शनिवार को स्थिति यह रही कि स्वास्थ्य केन्द्र में डॉक्टर तो उपस्थित पाए गए, लेकिन जन्म प्रमाण पत्र निर्माण और आयुष्मान भारत कार्ड से जुड़े कर्मी पूरी तरह नदारद रहे। परिणामस्वरूप दूर-दराज़ से आए ग्रामीण बिना काम हुए ही बेरंग लौटने को मजबूर हो गए।
जब इस संबंध में चैनपुर के चिकित्सा प्रभारी धनु राज सुब्रहरु से पूछताछ की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि कौन कर्मी उपस्थित थे और कौन अनुपस्थित। उन्होंने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। हालांकि, चिकित्सा प्रभारी के इस बयान ने खुद विभागीय व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।
अब जरूरत इस बात की है कि केवल जांच के आश्वासन तक सीमित न रहकर सख्त विभागीय कार्रवाई की जाए। लापरवाह कर्मियों की नौकरी तक पर सवाल उठना चाहिए, तभी व्यवस्था में सुधार संभव है, अन्यथा चैनपुर CHC की बदहाली यूं ही जारी रहेगी।



