Business News: इस नवरात्र, खरीदारी करने वाले उपभोक्ताओं के लिए डबल खुशखबरी है। एक तरफ केंद्र सरकार ने रोजमर्रा की वस्तुओं और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स पर GST दरों में कटौती की है, वहीं अमेजॉन और फ्लिपकार्ट ने अपनी मेगा सेल का ऐलान किया है। इस तरह ग्राहक एक ही समय में डबल डिस्काउंट का फायदा उठा सकते हैं।
AC, टीवी और रोजमर्रा की चीजों पर अब मिलेगी बंपर बचत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा था कि 22 सितंबर से GST बचत उत्सव की शुरुआत होगी। इसके तहत करीब 99 फीसदी रोजमर्रा की वस्तुओं पर टैक्स कम कर दिया गया है। इसमें यूएचटी दूध, ब्रेड, आइसक्रीम और अन्य खाद्य वस्तुएं शामिल हैं। वहीं, टीवी, एसी और डिशवॉशिंग मशीन जैसी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स पर GST दर 28 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी कर दी गई है।
इसी बीच, अमेजॉन और फ्लिपकार्ट की मेगा सेल 23 सितंबर से शुरू हो रही है, जबकि सोमवार से अर्ली एक्सेस भी उपलब्ध है। इन प्लेटफॉर्म्स पर इलेक्ट्रॉनिक्स, होम एप्लायंसेज और फैशन समेत लगभग हर कैटेगरी के उत्पादों पर आकर्षक ऑफर दिए जा रहे हैं।
उपभोक्ताओं की बचत का अंदाजा इसी उदाहरण से लगाया जा सकता है। मान लीजिए किसी एसी की कीमत 40,000 रुपये है। सेल के दौरान अगर 20 फीसदी डिस्काउंट मिलता है, तो कीमत घटकर 32,000 रुपये हो जाएगी। पहले इस पर 28 फीसदी GST लगता था, लेकिन अब केवल 18 फीसदी ही देना होगा। टैक्स जोड़ने के बाद एसी की कुल कीमत 37,760 रुपये होगी, यानी ग्राहक को सीधा 10,240 रुपये की बचत मिल रही है।
स्मार्टफोन कैटेगरी में भी बंपर ऑफर मिल रहे हैं। सैमसंग, ऐपल, गूगल पिक्सल, रियलमी और शाओमी जैसे ब्रांड्स पर आकर्षक छूट का लाभ उठाया जा सकता है। हालांकि, स्मार्टफोन पर GST दरों में कोई कटौती नहीं हुई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि सरकार की टैक्स कटौती और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स की सेल का एक साथ होना बाजार में रफ्तार बढ़ाएगा और उपभोक्ताओं की जेब पर राहत पहुंचेगी। त्योहारी सीजन में यह मौका खरीदारी करने वालों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगा।



