अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Patna News: बिहार के नालंदा जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। चंडी थाना क्षेत्र के एक इंजीनियरिंग कॉलेज की सेकंड ईयर की छात्रा सोनम ने बुधवार रात हॉस्टल की तीसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। छात्रा सिविल ब्रांच में पढ़ाई कर रही थी और मूल रूप से गोपालगंज की रहने वाली थी।
रैगिंग से परेशान होने की आशंका
सोनम की रूममेट शिखा ने बताया कि घटना से कुछ देर पहले उसने सोनम को खाने के लिए कहा था, लेकिन उसने मना कर दिया। जब शिखा वापस कमरे में लौटी तो सोनम वहां नहीं थी। बाहर जाकर देखा तो सोनम का शव नीचे खून से लथपथ पड़ा था। साथी छात्रों का कहना है कि सोनम कॉलेज में हो रही रैगिंग से काफी परेशान थी, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया।
छात्रों ने प्राचार्य पर लगाए आरोप
घटना के बाद हॉस्टल में अफरा-तफरी मच गई। छात्राओं ने प्राचार्य पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि घायल छात्रा को समय पर अस्पताल ले जाने के लिए प्राचार्य ने अपनी गाड़ी उपलब्ध नहीं कराई। एंबुलेंस भी देर से पहुंची, जिसकी वजह से सोनम की हालत और बिगड़ गई और उसकी जान नहीं बच सकी।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। चंडी थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि अभी तक आत्महत्या की वजह साफ नहीं हो पाई है, लेकिन रैगिंग की शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
इस घटना ने पूरे कॉलेज परिसर में आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। छात्रों का कहना है कि अगर प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई की होती तो सोनम की जान बचाई जा सकती थी।

