India News: महाराष्ट्र के मुंबई में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां आधा दर्जन बदमाशों ने एक व्यापारी की उसके दो मासूम बच्चों के सामने बेरहमी से हत्या कर दी। घटना छत्रपति संभाजीनगर रेलवे स्टेशन के पास हुई, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया।
धारदार हथियार से किया गया हमला
मृतक की पहचान सैयद इमरान शफीक के रूप में हुई है। घटना के वक्त वह अपने 3 और 13 साल के बच्चों के साथ ऑटो रिक्शा से जा रहे थे। तभी सिल्क मिल कॉलोनी इलाके में उनकी गाड़ी को एक कार ने रोका। 5 से 6 हमलावर कार से उतरे और उन्हें बच्चों समेत ऑटो से बाहर खींच लिया। आरोपियों ने सैयद पर धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। बचाव की कोशिश में शफीक ने हथियार छीनने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। हमलावरों ने उनकी उंगलियां काट डालीं, कलाई पर वार किया और सिर व गर्दन पर कई बार चाकू से हमला कर मौत के घाट उतार दिया।
व्यापारिक रंजिश बताई जा रही वजह
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह मामला गैस व्यापार से जुड़ी पुरानी रंजिश का लग रहा है। इसी दुश्मनी को आधार बनाकर इस वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने तुरंत छानबीन शुरू की।
तीन संदिग्ध गिरफ्तार
पुलिस ने इस संबंध में तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनमें कुख्यात मुजीब डॉन, उसका भाई सद्दाम हुसैन मोइनुद्दीन और रिश्तेदार शेख इरफान शेख सुलेमान शामिल हैं। सभी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि फरार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह को पकड़ लिया जाएगा।
बच्चों में दहशत और इलाके में आक्रोश
इस वारदात के गवाह बने दोनों छोटे बच्चे गहरे सदमे और दहशत में हैं। वहीं, इस नृशंस हत्या के बाद पूरे इलाके में गुस्से और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए ताकि भविष्य में इस तरह के अपराधों पर लगाम लग सके।



