अपनी भाषा चुनेें :
Jharkhand News: झारखंड में दक्षिण-पश्चिमी मानसून अब पूरी तरह से सक्रिय हो गया है और राज्य के अधिकांश जिलों में हर दिन बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक बारिश गुमला जिले के बिशनपुर में 144 मिलीमीटर दर्ज की गई है, जो पूरे राज्य में सर्वाधिक है।
राजधानी रांची में इस दौरान केवल 8 मिमी बारिश हुई, जबकि अन्य जिलों में भी कहीं हल्की तो कहीं मध्यम दर्जे की वर्षा देखने को मिली। मौसम विभाग ने बताया है कि 25 जुलाई को राज्य के दक्षिण-पूर्वी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। साथ ही कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने और तेज गर्जन की भी चेतावनी दी गई है। इसे लेकर विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार 27 जुलाई तक राज्य में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी। इस दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
एक जून से 21 जुलाई तक राज्य में 403.4 मिमी औसतन बारिश होती है, लेकिन इस वर्ष अब तक 640.8 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 59 प्रतिशत अधिक है। यह आंकड़ा इस बात का संकेत है कि इस बार मानसून अपेक्षा से अधिक सक्रिय रहा है।
मंगलवार को रांची में मौसम मिला-जुला रहा। सुबह हल्की धूप के बाद बादल छा गए। इस कारण थोड़ी गर्मी और उमस का भी अनुभव हुआ। रांची में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि जमशेदपुर, बोकारो, चाईबासा और डालटेनगंज में तापमान 32 से 34 डिग्री के बीच रहा।



