Mirzapur (UP): उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले के जिगना थाना क्षेत्र स्थित गोगांव गांव में बीती रात जमीन विवाद ने खूनी मोड़ ले लिया। अपनी ही जमीन पर जेसीबी मशीन से मिट्टी खुदाई का विरोध करने पर 40 वर्षीय युवक दिनेश चौबे की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे गांव में तनाव का माहौल व्याप्त है।
मृतक दिनेश चौबे के परिजनों के अनुसार, गांव के ही कुछ लोग जबरन उनकी जमीन से मिट्टी की खुदाई कर रहे थे। जब दिनेश ने इस पर आपत्ति जताई, तो दबंग अजय, ललित उर्फ ऋषि और बृजेश तिवारी उर्फ बबलू ने मिलकर उन पर हमला बोल दिया। आरोपितों ने दिनेश को लात-घूसों और लाठियों से तब तक पीटा जब तक वह अधमरा नहीं हो गया। गंभीर रूप से घायल दिनेश को आनन-फानन में पीएचसी सर्रोंई ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
Read more: पलामू में खूनी अंधविश्वास: सांप ने पत्नी को डंसा, पति ने ‘ओझा’ को पीट-पीटकर मार डाला
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी लालगंज अमर बहादुर ने शुक्रवार भोर में घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मृतक की मां मालती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने आरोपितों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। गांव में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Read more: मां को गाली देना पड़ा भारी! लोहे के रॉड से पीट-पीटकर मजदूर की ह’त्या



