Patna News: बिहार की राजनीति में संपत्ति विवरण को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। नीतीश कैबिनेट के वरिष्ठ मंत्री और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय के संपत्ति हलफनामे में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि जहां मंत्री के बैंक खातों में आज भी करोड़ों रुपये जमा हैं, वहीं उनकी पत्नी उर्मिला पांडेय कर्ज के बोझ तले दबी हुई हैं।

स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय द्वारा सार्वजनिक किए गए संपत्ति विवरण के अनुसार, उनकी पत्नी ने बैंक से जितना कर्ज लिया है, उससे अधिक कर्ज अपने ही पति से लिया हुआ है। दस्तावेजों के मुताबिक उर्मिला पांडेय पर बैंक का हाउस लोन शेष राशि करीब 20 लाख 50 हजार रुपये है, जबकि मंत्री पति ने पत्नी को 22 लाख रुपये का IF Loan दिया है। यानी पत्नी पर कुल कर्ज का बड़ा हिस्सा सीधे पति का है।

2025 में खरीदी गईं छह संपत्तियां, लेकिन घट गई कीमत

संपत्ति विवरण में यह भी सामने आया है कि वर्ष 2025 के दौरान मंगल पांडेय की पत्नी के नाम पर सिवान जिले में कृषि योग्य चार प्लॉट खरीदे गए। दिलचस्प बात यह है कि जमीन की कीमतें बढ़ने की बजाय घट गईं।
11 अप्रैल 2025 को खरीदी गई 3.19 लाख रुपये की जमीन का मौजूदा मूल्य घटकर 3 लाख रुपये रह गया है।
29 अप्रैल 2025 को 3.28 लाख रुपये में खरीदी गई जमीन का मूल्य दिसंबर तक घटकर 3.10 लाख रुपये हो गया।
इसी तरह 3.74 लाख और 3.07 लाख रुपये में खरीदी गई जमीनों की कीमतों में भी गिरावट दर्ज की गई। इस तरह सिवान में खरीदी गई सभी संपत्तियों में नुकसान सामने आया है।

पटना और दिल्ली के फ्लैट में भी नुकसान

मंगल पांडेय की पत्नी के नाम पर पटना में पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन के पास 1370 स्क्वायर फीट का एक फ्लैट है, जिसकी रजिस्ट्री अक्टूबर 2024 में 47.35 लाख रुपये में हुई थी। संपत्ति विवरण के अनुसार 14 महीने में इस फ्लैट का बाजार मूल्य घटकर 43 लाख रुपये रह गया है, जिससे करीब 4.33 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

दिल्ली के द्वारका सेक्टर-6 में 1063 स्क्वायर फीट का फ्लैट भी पत्नी के नाम पर है। वर्ष 2019 में 90 लाख रुपये में खरीदे गए इस फ्लैट का मौजूदा बाजार मूल्य घटकर 87 लाख रुपये बताया गया है।

मंत्री के खाते में करोड़ों, पत्नी के पास सोना-चांदी

जहां पत्नी कर्ज में हैं, वहीं मंगल पांडेय की चल संपत्ति एक करोड़ 32 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। उनके एसबीआई पटना खाते में 1.01 करोड़ रुपये से ज्यादा जमा हैं, जबकि पीएनबी खाते में करीब 18.83 लाख रुपये मौजूद हैं। मंत्री के पास टाटा सफारी गाड़ी, 240 ग्राम सोना, एक राइफल और नकद राशि भी दर्ज है।

इस खबर को भी पढ़ें : बिहार के युवाओं के लिए बड़ा प्लान, सरकार ने रखा 1 करोड़ रोजगार का लक्ष्य

वहीं पत्नी उर्मिला पांडेय के पास 680 ग्राम सोना, 7 किलो चांदी और एक निजी फर्म M/S Pandey Scientific & Sports है। पत्नी की कुल चल संपत्ति लगभग 55 लाख रुपये बताई गई है।

नीतीश कैबिनेट के सभी मंत्रियों द्वारा 31 दिसंबर 2025 को संपत्ति विवरण सार्वजनिक किया गया था। मंगल पांडेय का यह मामला इसलिए चर्चा में है क्योंकि इसमें कर्ज, संपत्ति और मूल्य गिरावट—तीनों का अनोखा मेल देखने को मिला है।

Share.
Exit mobile version