Ranchi : अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ, रांची इकाई के लगभग तीन हजार प्रारंभिक शिक्षकों की जुलाई माह से लंबित वार्षिक वेतन वृद्धि को लेकर गुरुवार को निदेशक, प्राथमिक शिक्षा से वार्ता हुई। संघ के मुख्य प्रवक्ता नसीम अहमद ने बताया कि निदेशक ने संचिका को कार्मिक विभाग भेजने की जानकारी दी और आश्वासन दिया कि स्वीकृति मिलते ही डीएसई, रांची को पत्र जारी कर दिया जाएगा। इस भरोसे के बाद 20 सितम्बर को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है। संघ ने चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं होतीं, तो आंदोलन के तीसरे चरण की घोषणा की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में नसीम अहमद, अजय ज्ञानी, राजेश नायक सहित कई पदाधिकारी शामिल थे।

इसी दिन संघ की प्रदेश कार्यसमिति के निर्णय के तहत प्राथमिक और मध्य विद्यालयों के शिक्षकों ने जिलों में उपायुक्त कार्यालय जाकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सुप्रीम कोर्ट के उस आदेश पर असहमति जताई गई, जिसमें “शिक्षा का अधिकार” कानून के तहत एनसीटीई द्वारा न्यूनतम योग्यता निर्धारण तिथि से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के लिए टीईटी परीक्षा अनिवार्य की गई है। रांची में उपायुक्त के आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने वालों में अनूप केशरी, संतोष कुमार, सलीम सहाय, योगेंद्र द्विवेदी और अन्य शिक्षक शामिल रहे।

Share.
Exit mobile version