अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
East Champaran : मोतिहारी गांधी मैदान के ग्राउंड-3 पर आयोजित सांसद खेल महोत्सव टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को मौर्या क्रिकेट क्लब ने ग्रीन फील्ड एकेडमी अरेराज को 162 रनों के बड़े अंतर से हराकर शानदार जीत दर्ज की। यह मुकाबला पूरी तरह से मौर्या क्रिकेट क्लब के खिलाड़ियों के नाम रहा, जहां बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही मोर्चों पर उनका दबदबा देखने को मिला।
इसीडीसीए सचिव रवि राज ने जानकारी दी कि टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मौर्या क्रिकेट क्लब ने आक्रामक शुरुआत की। टीम के बल्लेबाज आयुष ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए मात्र 117 रन की शतकीय पारी खेली। उनके साथ प्रशांत ने भी 35 रन का योगदान दिया। दोनों की साझेदारी की बदौलत टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 215/3 का विशाल स्कोर खड़ा किया। ग्रीन फील्ड एकेडमी अरेराज की ओर से जगत, सागर और ऋषभ ने 1-1 विकेट हासिल किया।
जवाब में उतरी ग्रीन फील्ड एकेडमी की पूरी टीम मौर्या क्रिकेट क्लब के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाई और 15.4 ओवर में मात्र 53 रन पर ढेर हो गई। मौर्या के गेंदबाज अमून राज और मोहम्मद साहिल ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4-4 विकेट चटकाए। गेंदबाजी की इस शानदार जोड़ी ने विरोधी टीम की बल्लेबाजी पूरी तरह से ध्वस्त कर दी।
मैच में शतकवीर आयुष को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए “मैन ऑफ द मैच” चुना गया। इस रोमांचक मुकाबले में अंपायर की भूमिका बीसीए एलीट पैनल के वेदप्रकाश और तैयब हुसैन ने निभाई। वहीं, स्कोरिंग और कमेंट्री का जिम्मा क्रमशः इब्राहीम लोधी और आकाश कुमार ने संभाला।
मीडिया प्रभारी प्रीतेश रंजन ने बताया कि कल का मुकाबला सर्विस क्रिकेट क्लब और ढाका क्रिकेट क्लब के बीच खेला जाएगा, जिसे लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह है।
इस मौके पर नगर विधायक प्रमोद कुमार, उप-मेयर लालबाबु गुप्ता, जिला भाजपा महामंत्री मार्तण्ड नारायण सिंह, भाजपा क्रीड़ा मंच अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे। वहीं, बीसीए गवर्निंग काउंसिल कन्वेनर ज्ञानेश्वर गौतम, इसीडीसीए संयुक्त सचिव कन्हैया प्रसाद, कोषाध्यक्ष अभिषेक कुमार ठाकुर और विभिन्न क्लब प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया और माहौल को खेलभावना से सराबोर कर दिया।

