Jamshedpur : साकची थाना क्षेत्र में गणेश पूजा के दौरान हुए गोलीकांड का मास्टरमाइंड आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया है। मुख्य आरोपित राहुल राय को पुलिस ने तामुलिया रोड स्थित ब्रह्मानंद अस्पताल के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने एसएसपी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी कि 26 अगस्त की रात करीब 11 बजे राज क्लब कमेटी द्वारा आयोजित गणेश पूजा में विवाद हुआ था। इस दौरान राहुल तिवारी और सूरज तिवारी के बीच मारपीट हो गई। मौके पर मौजूद राहुल राय ने सूरज तिवारी को जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। घटना के बाद साकची थाना में मामला दर्ज किया गया और पुलिस आरोपितों की तलाश में जुट गई।
उन्होंने बताया कि इस मामले में पहले ही नामजद आरोपी राहुल तिवारी को 27 अगस्त को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब मुख्य आरोपित राहुल राय की गिरफ्तारी के साथ घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है। जांच में यह भी सामने आया कि राहुल राय का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।



