East Champaran : बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी और होम डिलीवरी का खेल जारी है। इसी कड़ी में रविवार को जिले की छतौनी थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए स्कॉर्पियो से शराब की होम डिलीवरी करने वाले धंधेबाज को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से ब्लेंडर प्राइड की 750 एमएल की दो बोतल और आईडी ब्लू की 180 एमएल की 10 बोतल बरामद की।
गिरफ्तार कारोबारी के पास से बरामद स्कॉर्पियो (नंबर एचआर 26 बी/6385) की भी पुलिस जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि गाड़ी चोरी की भी हो सकती है। पुलिस फिलहाल वाहन के कागजात खंगालने और कारोबारी के नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।
एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर जिले भर में लगातार छापेमारी और तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सीमावर्ती इलाकों से नेपाल और अन्य जगहों से लगातार शराब की खेप लाई जाती है और यहां खपाई जाती है। हालांकि पुलिस और SSB की संयुक्त कार्रवाई से शराब माफियाओं की साजिश लगातार नाकाम हो रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बिहार में लागू शराबबंदी कानून के बावजूद जिस तरह से कारोबारी नए-नए तरीके अपनाकर शराब सप्लाई कर रहे हैं, वह पुलिस और प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। हालांकि हालिया कार्रवाई से साफ हो गया है कि पुलिस शराब माफियाओं को किसी भी कीमत पर बख्शने के मूड में नहीं है।



