रांची: राजधानी के मांडर इलाके से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सोमवार की देर रात खुशियों भरी बारात उस वक्त हिंसक भीड़ में तब्दील हो गई, जब मामूली विवाद के बाद करीब 50 से 60 बारातियों ने मांडर टोल प्लाजा पर धावा बोल दिया। इस हमले में टोल मैनेजर समेत आधा दर्जन से अधिक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
नियम तोड़ने पर टोका, तो भड़क उठे बाराती
घटनाक्रम के अनुसार, शादी समारोह में शामिल होने जा रहे बारातियों की गाड़ियों का काफिला नियमों को ताक पर रखकर गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से निकलने की कोशिश कर रहा था। वे उस संकीर्ण रास्ते का इस्तेमाल करना चाहते थे जो केवल बाइक और ऑटो के लिए निर्धारित है। जब वहां तैनात सुरक्षा गार्ड ने नियमों का हवाला देते हुए उन्हें रोकने की कोशिश की, तो बाराती आपा खो बैठे।
देखते ही देखते 60 के करीब उपद्रवियों ने टोल प्लाजा को घेर लिया और कर्मचारियों पर हमला कर दिया। चश्मदीदों के मुताबिक, उपद्रवियों ने टोल मैनेजर और कर्मियों को न केवल गालियां दीं, बल्कि उन्हें सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर बेरहमी से पीटा।
CCTV में कैद हुई करतूत, पुलिस एक्शन में
पूरी वारदात टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें उपद्रवी लाठी-डंडों के साथ तांडव करते साफ नजर आ रहे हैं। इस मामले में मंगलवार को मांडर थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस के पास सीसीटीवी फुटेज मौजूद है और हमलावरों की पहचान की जा रही है।



