Bihar News: बिहार के प्रसिद्ध शक्तिपीठ थावे मंदिर में हुई करोड़ों की चोरी ने जहां लाखों श्रद्धालुओं को आहत किया था, वहीं सोमवार को मंदिर परिसर में एक बार फिर भक्ति और उल्लास का माहौल देखा गया। 17 दिसंबर को मां भवानी के गर्भगृह से गायब हुए सोने के आभूषणों की कमी को दूर करने के लिए कुचायकोट से जदयू विधायक अमरेंद्र कुमार उर्फ पप्पू पांडेय ने एक बड़ी पहल की है। विधायक ने सोमवार को माता भवानी को सोने का भव्य मुकुट और कीमती हार (नेकलेस) भेंट किया।
माता का हुआ भव्य श्रृंगार; दर्शन को उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
चोरी की घटना के पांच दिन बाद जब माता को नए स्वर्ण आभूषणों से सजाया गया, तो मंदिर का गर्भगृह अलौकिक आभा से दमक उठा। भव्य श्रृंगार के बाद जैसे ही आम श्रद्धालुओं के लिए पट खोले गए, पूरे मंदिर परिसर में ‘जय माता दी’ के जयकारे गूंजने लगे। नए श्रृंगार में मां के दर्शन के लिए गोपालगंज ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों से भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं का कहना था कि आभूषण तो वापस आ गए, लेकिन चोरों का न पकड़ा जाना अब भी चिंता का विषय है।
चोर अब भी फरार; पुलिसिया लापरवाही पर गिरी गाज
भले ही विधायक की पहल से मंदिर की रौनक लौट आई है, लेकिन गोपालगंज पुलिस अब तक खाली हाथ है। सीसीटीवी फुटेज में दो चोरों की तस्वीरें साफ होने के बावजूद पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। प्रशासन ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए टीओपी प्रभारी धीरज कुमार को निलंबित कर दिया है, जबकि लापरवाही बरतने वाले सैप (SAP) के चार जवानों को बर्खास्त कर दिया गया है। पुलिस ने चोरों पर एक लाख रुपये का इनाम भी रखा है और अब तक पुजारी समेत 35 लोगों से पूछताछ की जा चुकी है।



