सुलतानपुर, (यूपी) | एजेंसी
उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में मंगलवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। लुधियाना से आजमगढ़ जा रही एक लग्जरी बस धनपतगंज क्षेत्र के माइल स्टोन 108 के पास अचानक बेकाबू होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में एक 5 वर्षीय मासूम बच्ची समेत कुल 12 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जबकि दर्जनों अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह सहित पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी राहत बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचे।
हादसे का शिकार हुई बस में करीब 100 सवारियां मौजूद थीं। यात्रियों का आरोप है कि हादसे के समय बस को चालक नहीं, बल्कि कंडक्टर चला रहा था, जिसके कारण बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला। हादसे के तुरंत बाद बस का चालक और कंडक्टर मौके से फरार होने में कामयाब रहे।
जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह ने बताया कि कुल 57 प्रभावित सवारियों में से 34 को इलाज के लिए कूरेभार भेजा गया, जिनमें से 12 की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें सुलतानपुर मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य मामूली रूप से घायल यात्रियों का उपचार धनपतगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम द्वारा मौके पर ही किया गया। प्रशासन ने शेष यात्रियों को दूसरी बस का इंतजाम कर उनके गंतव्य स्थान के लिए रवाना कर दिया है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने घायलों के समुचित उपचार का आश्वासन दिया है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। यह हादसा एक बार फिर एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को रेखांकित करता है।
लापरवाही ने दी हादसे को दावत: यात्री बोले कंडक्टर था स्टयरिंग पर
बस में सवार यात्री सानिया और लालबहादुर ने बताया कि लुधियाना से निकलते समय से ही बस की स्थिति सामान्य नहीं थी। जब कंडक्टर ने बस की कमान संभाली, तब से वह और भी खतरनाक ढंग से चल रही थी। माइल स्टोन 108 के पास रफ्तार ज्यादा होने के कारण वह पूरी तरह बेकाबू हो गई। पुलिस अब फरार चालक और कंडक्टर की तलाश में दबिश दे रही है।



