Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र में हुई एक युवक की सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि एक बेटे ने ही अपनी मां के प्रेमी की सिर कूचकर निर्मम हत्या कर दी। मुख्य आरोपी अनिल यादव ने अपने एक नाबालिग रिश्तेदार के साथ मिलकर इस पूरी वारदात को अंजाम दिया था।
आंखों के सामने देखा तो ठान ली मौत
डीसीपी साउथ अमित कुमार आनंद के अनुसार, मृतक सूरज और आरोपी अनिल यादव की मां के बीच पिछले तीन साल से प्रेम संबंध चल रहे थे। करीब दो महीने पहले अनिल ने अपनी मां और सूरज को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था, जिसके बाद से ही वह बदले की आग में जल रहा था। अनिल ने सूरज को कई बार चेतावनी दी थी, लेकिन उसके न मानने पर अनिल ने उसे रास्ते से हटाने की खूनी साजिश रच डाली।
शराब पिलाने के बहाने बाग में बुलाया
वारदात वाली रात यानी 8 मई को, आरोपियों ने सूरज को फोन कर शराब पीने के बहाने गांव के बाहर एक सुनसान आम के बाग में बुलाया। जब सूरज नशे में धुत हो गया, तो अनिल ने चापड़ से उसके चेहरे पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जान बचाने के लिए भाग रहे सूरज को आरोपियों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और ईंटों से सिर कूचकर उसे मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस के सामने ही तमाशा देख रहा था कातिल
एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया कि कत्ल के बाद आरोपियों ने बड़ी चालाकी से अपने खून से सने कपड़े धोए और एक शादी समारोह में शामिल हो गए ताकि किसी को शक न हो। अगले दिन जब पुलिस घटनास्थल पर छानबीन कर रही थी, तब मुख्य आरोपी अनिल वहीं भीड़ में खड़ा होकर पुलिस की हर गतिविधि देख रहा था।
तकनीकी सर्विलांस ने ऐसे पकड़ा गुनाह
पुलिस ने इलाके के करीब 50 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मृतक के लूटे हुए आईफोन को ट्रैक करना शुरू किया। डिजिटल साक्ष्यों और लोकेशन की मदद से पुलिस हत्यारों के गिरेबान तक पहुंच गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी अनिल और उसके नाबालिग साथी (9वीं का छात्र) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। लखनऊ पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने साबित कर दिया कि अपराधी चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो, कानून के हाथ लंबे होते हैं।



