Palamu : जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के सांगबार-कुवंरबांध में 30 सितंबर की रात हुई लाखो देवी (35) की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के सात दिन बाद महिला के प्रेमी संदीप कुमार (26) को रांची रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया। मामले की जानकारी SP रीष्मा रमेशन ने गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।

SP ने बताया कि एक अक्टूबर को सांगबार-कुवंरबांध के एक घर से महिला का शव बरामद हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी संदीप को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने कबूल किया कि उसका मृतका से प्रेम संबंध था और दोनों के बीच पहले शारीरिक संबंध भी बने थे।

संदीप ने बताया कि जब वह बेंगलुरु से लौटकर आया तो उसे पता चला कि महिला किसी अन्य व्यक्ति से बात करती है। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ। 30 सितंबर की रात वह रौशनदान से घर में घुसा और संबंध बनाने के बाद विवाद के दौरान पीढ़ा और लोढ़ा से वार कर महिला की हत्या कर दी। हत्या के बाद वह खून से सनी चादर, मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया और साक्ष्य मिटाने के लिए वस्त्रों को झाड़ियों में छिपा दिया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर महिला का मोबाइल, खून लगी चादर, गंजी और शर्ट बरामद किए। कार्रवाई में थाना प्रभारी उतम कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम शामिल रही।

Share.
Exit mobile version