अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Bokaro news: जिले के पिण्ड्राजोरा थाना क्षेत्र से सामने आई एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। 18 वर्षीय युवती कुमारी पुष्पा महतो के अपहरण के पीछे जो सच्चाई सामने आई, उसने रिश्तों, भरोसे और इंसानियत पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। मामला तब शुरू हुआ जब 24 जुलाई 2025 को खुटाडीह निवासी रेखा देवी ने अपनी बेटी के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने 4 अगस्त 2025 को अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन जैसे-जैसे परतें खुलती गईं, मामला एक खौफनाक हत्या में तब्दील हो गया।
— तीन साल का संबंध बना मौत की वजह :
जांच के दौरान पुलिस ने जब मोबाइल कॉल डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पता चला कि पुष्पा महतो पिछले तीन वर्षों से गांव के ही युवक दिनेश कुमार महतो (26 वर्ष) के संपर्क में थी।
पुलिस पूछताछ में दिनेश ने स्वीकार किया कि युवती उस पर शादी का दबाव बना रही थी, जिससे वह परेशान था। इसी दबाव से छुटकारा पाने के लिए उसने एक सुनियोजित साजिश रची।
— कॉलेज के बहाने बुलाकर की हत्या :
21 जुलाई 2025 को जब पुष्पा महतो चास कॉलेज में स्नातक नामांकन के लिए पहुंची, तभी दिनेश वहां पहले से मौजूद था। उसने बातचीत के बहाने युवती को कॉलेज के पीछे करीब डेढ़ किलोमीटर दूर एक सुनसान झाड़ी वाले इलाके में ले गया।
वहीं उसने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में छुपाकर फरार हो गया। हत्या के बाद उसने खून से सना चाकू रास्ते में फेंक दिया ताकि सबूत मिट सके।
— SIT की जांच में खुला राज :
मामले की गंभीरता को देखते हुए बोकारो पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई। टीम ने तकनीकी, परिस्थितिजन्य और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई।
सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी टूट गया और उसने पूरे अपराध को कबूल कर लिया।
— जंगल से बरामद हुए खौफनाक सबूत :
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल से:
मृतका के कपड़े, सिर के बाल (रबर बैंड सहित), शरीर के 19 हड्डियों के टुकड़े, हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किए। यह बरामदगी इस बात की गवाही देती है कि अपराध कितनी निर्ममता से अंजाम दिया गया था।
— आरोपी गिरफ्तार, कई अहम सबूत जब्त :
पुलिस ने आरोपी दिनेश कुमार महतो को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जो जांच में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
— इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका:
इस पूरे खुलासे में नगर डीएसपी आलोक रंजन के नेतृत्व में गठित SIT टीम ने अहम भूमिका निभाई। टीम में विभिन्न थानों के प्रभारी और पुलिस अधिकारी शामिल थे, जिन्होंने लगातार तकनीकी और फील्ड जांच कर इस जघन्य हत्या का पर्दाफाश किया।

