अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Palamu: झारखंड के पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र में गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। गहर पथरा मोड़ के समीप एक अनियंत्रित तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने लूना सवार तीन किशोरों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में तीनों किशोरों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान सोले गांव निवासी फरोज अंसारी (11 वर्ष), तोहिद अंसारी (15 वर्ष) और इब्राहिज अंसारी (13 वर्ष) के रूप में हुई है।
Read more: फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो से आए हमलावरों को विधानसभा पुलिस ने खदेड़ा, 12 गिरफ्तार
मिली जानकारी के अनुसार, सोले गांव के ये तीनों किशोर एक ही लूना पर सवार होकर बाजार गए थे। वहां से लौटते समय बैरिया चौक की बताई जा रही स्कॉर्पियो (JH 03P 0019) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक और उसमें सवार अन्य लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया।
हादसे के तुरंत बाद घायलों को इलाज के लिए एमएमसीएच (MMCH) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने फरोज और तोहिद को मृत घोषित कर दिया। तीसरे किशोर इब्राहिज को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन कुछ ही देर बाद उसने भी दम तोड़ दिया। मृतकों में इब्राहिज और फिरोज आपस में चचेरे भाई थे, जबकि तौहीद उनका पड़ोसी था। शुक्रवार को तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही पारा लीगल वालंटियर अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिजनों को सरकारी मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया। इस दुखद घटना के बाद से सोले गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस फरार स्कॉर्पियो चालक की तलाश में जुटी है।
Read more: जादूगोड़ा में भीषण टक्कर: स्कॉर्पियो से भिड़ी बाइक, 2 युवतियों समेत 3 घायल

