अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Giridih News: गिरिडीह जिले के गावां थाना क्षेत्र में हुए डबल मर्डर से इलाके में सनसनी फैल गई है। सोमवार को पुलिस ने महजपुर गांव के श्रीकांत चौधरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। मोबाइल कॉल डिटेल और पूछताछ में उसने दो महिलाओं की हत्या की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर गोलगो जंगल से संतोष रविदास की पत्नी रिंकी देवी (32) और धर्मेंद्र यादव की पत्नी सोनी देवी (25) के शव बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार दोनों की गला दबाकर हत्या की गई थी और शव जंगल में फेंक दिए गए थे।
जांच में सामने आया कि आरोपी श्रीकांत और मृतका सोनी देवी के बीच प्रेम संबंध था। कुछ महीने पहले दोनों को परिजनों ने रंगे हाथ पकड़ लिया था, जिस पर पंचायत ने 1.8 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया था। इसके बावजूद संबंध जारी रहे। इसी विवाद के चलते आरोपी ने पहले सोनी देवी की हत्या की और फिर रिंकी देवी को भी मौत के घाट उतार दिया।
इधर घटना से गुस्साए ग्रामीण और परिजन मंगलवार सुबह थाने के सामने धरने पर बैठ गए। उनका आरोप है कि पुलिस ने खोजबीन में लापरवाही की और पैसे की मांग की थी। गुस्साए लोगों ने आरोपी को खुद सजा देने की मांग भी की। हालात को देखते हुए थाना परिसर और गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।

