अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
डुमरी प्रखंड अंतर्गत खेतली पंचायत के लवाबार गांव में मुख्य मार्ग पर बना बड़ा पुल पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है। इससे ग्रामीणों को रोजमर्रा के आवागमन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस पुल से होकर बड़े वाहन अब गुजर नहीं सकते, जबकि छोटे वाहन भी जोखिम में चल रहे हैं। खासकर स्कूली बच्चों के परिवहन को लेकर अभिभावकों के मन में हर रोज डर बना रहता है।
स्थानीय ग्रामीण कमलेश इंदवार ने बताया कि पुल की स्थिति इतनी जर्जर हो चुकी है कि अब बड़े वाहन आर-पार नहीं हो पा रहे हैं। गांव के लोग जो साप्ताहिक बाजार और अन्य कार्यों के लिए बाहर जाते हैं, उन्हें लंबा रास्ता तय करना पड़ता है या जोखिम लेकर इसी पुल से होकर गुजरना पड़ता है।
ग्रामीण रीना देवी ने कहा कि बरसात के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है। पुल पर बने गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे फिसलन बढ़ जाती है और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। बच्चों के स्कूल वाहन बड़ी मुश्किल से सावधानीपूर्वक इस पुल से गुजरते हैं। हर रोज दिल में डर बना रहता है कि कहीं कोई अनहोनी न हो जाए।
गांव के अन्य ग्रामीणों ने भी मांग की है कि सरकार इस क्षतिग्रस्त पुल का जल्द से जल्द मरम्मत कार्य प्रारंभ करे। साथ ही पुल के दोनों किनारों को गार्डवाल से सुरक्षित किया जाए और सड़कों पर मिट्टी भराई का कार्य किया जाए ताकि लोगों को आने-जाने में सुविधा हो।
ग्रामीणों की यह मांग है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर त्वरित संज्ञान लेकर जल्द से जल्द समाधान करे, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके और लोगों का जीवन सुचारु रूप से चल सके।

