Bihar News: बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के तहत भागलपुर जिले में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। शुक्रवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि जिले में 2,44,612 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि पहले जिले में 24,04,414 वोटर दर्ज थे, लेकिन संशोधन के बाद यह संख्या 21,55,802 रह गई है। हटाए गए नामों में 62,852 मृत मतदाता, 1,25,388 स्थानांतरित मतदाता और 26,566 डुप्लीकेट नाम शामिल हैं। सभी गलत प्रविष्टियों को हटाकर मतदाता सूची को अद्यतन किया गया है।
इसके साथ ही भागलपुर में मतदान केंद्रों की संख्या भी बढ़ाई गई है। पहले जहां 2,263 बूथ थे, अब 415 नए बूथ जोड़कर यह संख्या 2,678 कर दी गई है। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार हर 1200 मतदाताओं पर एक मतदान केंद्र सुनिश्चित किया गया है।
दावा-आपत्ति की प्रक्रिया के लिए 1 महीने का समय दिया गया है। इस दौरान कोई भी व्यक्ति यदि सूची से नाम हटने या गलत नाम जुड़ने पर आपत्ति दर्ज कराना चाहता है तो संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर सकता है।
डॉ. चौधरी ने स्पष्ट किया कि अगर किसी बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) द्वारा जानबूझकर गलत तरीके से मतदाता का नाम सूची में जोड़ा जाता है, तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।
जिले के मतदाताओं से अपील की गई है कि वे मतदाता सेवा पोर्टल या बूथ स्तर पर जाकर अपना नाम जांचें और यदि कोई त्रुटि हो तो समय रहते सुधार कराएं।



