अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jharkhand News: झारखंड के सोनारी एयरपोर्ट पर मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब भुवनेश्वर से आ रहा इंडिया वन एयर का 19 सीटर विमान लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसलकर घास के मैदान में चला गया। इस विमान में दो पायलट सहित कुल 9 यात्री सवार थे। गनीमत रही कि कोई बड़ी अनहोनी नहीं हुई, लेकिन एक यात्री को हल्की चोट आई है।
पायलट की सूझबूझ से टली जानलेवा दुर्घटना
सुबह के समय भुवनेश्वर से उड़ान भरकर आए इस विमान को जब सोनारी एयरपोर्ट पर लैंड कराना था, उसी वक्त अचानक मौसम की मार और गीले रनवे की वजह से विमान फिसल गया। स्थिति बेकाबू होने लगी, लेकिन पायलट की तेज़ सूझबूझ और तत्परता के कारण विमान को किसी तरह उत्तर दिशा में घास वाले हिस्से पर रोका गया।
घटना के बाद कुछ यात्रियों में घबराहट और रोने-चीखने की स्थिति बन गई। तुरंत फायर ब्रिगेड और ग्राउंड स्टाफ ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
फायर ब्रिगेड और जांच एजेंसियां सक्रिय
विमान में आग या किसी तकनीकी गड़बड़ी की आशंका को देखते हुए फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत पहुंची। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) और विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) की टीम एयरपोर्ट पहुंचकर विमान और रनवे की जांच में जुट गई है।
रनवे की हालत पर फिर उठे सवाल
हादसे की सबसे बड़ी वजह माना जा रहा है लगातार हो रही बारिश, जिससे रनवे पूरी तरह गीला और फिसलन भरा हो गया था। यह पहली बार नहीं है जब सोनारी एयरपोर्ट पर लैंडिंग के समय विमान को असुविधा हुई हो। पूर्व में भी यात्रियों ने रनवे की हालत, सुरक्षा और तकनीकी व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े किए हैं।
यात्रियों ने हादसे के बाद कहा, “एक पल को तो ऐसा लगा कि अब बचेंगे नहीं। लेकिन जैसे ही विमान रुक गया, तब जाकर चैन की सांस ली।”
एयरपोर्ट प्रशासन ने साधी चुप्पी
घटना के कई घंटे बाद भी एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। हालांकि, प्रशासन ने कहा है कि मामले की प्राथमिक जांच रिपोर्ट के बाद ही कुछ बताया जा सकेगा।
यात्रियों में डर, उड़ानों पर असर
इस घटना के बाद सोनारी एयरपोर्ट से संचालित अन्य उड़ानों को लेकर भी यात्रियों में डर का माहौल बना हुआ है। कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर घटना की तस्वीरें और वीडियो साझा कर एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

