Patna News: बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है। एनडीए और इंडिया ब्लॉक दोनों अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं, वहीं राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने भी नीतीश सरकार पर तीखा तंज कसा है।

लालू यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर लिखा— “छह और ग्यारह, एनडीए नौ दो ग्यारह।” इस पोस्ट के जरिए उन्होंने साफ संकेत दिया कि बिहार से डबल इंजन की सरकार की विदाई तय है। दरअसल, राज्य में पहले चरण का मतदान 6 नवंबर और दूसरे चरण का 11 नवंबर को होना है, जबकि नतीजे 14 नवंबर को आएंगे। लालू ने इसी को लेकर यह चुटीला कमेंट किया।

उन्होंने एक अन्य पोस्ट में लिखा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में चल रही एनडीए सरकार पूरी तरह भ्रष्ट है। लालू ने कहा कि इस बार जनता भ्रष्टाचार के खिलाफ वोट देगी और नीतीश कुमार को सत्ता से बाहर करेगी।

लालू यादव ने आगे कहा कि बिहार को अब बदलाव की ज़रूरत है। उन्होंने अपने बेटे तेजस्वी यादव को अगला मुख्यमंत्री बनाने की अपील करते हुए कहा कि “तेजस्वी के नेतृत्व में नया बिहार बनाएंगे।”

राजद प्रमुख के इस बयान से साफ है कि आने वाले चुनाव में इंडिया ब्लॉक पूरी ताकत से एनडीए को घेरने की कोशिश करेगा। अब देखना यह है कि बिहार की जनता लालू-तेजस्वी के इस वादे पर भरोसा जताती है या नहीं।

Share.
Exit mobile version