Jharkhand News: मानगो थाना क्षेत्र के ओल्ड सुभाष कॉलोनी में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक किराएदार के घर से नकदी, जेवर और इलेक्ट्रॉनिक सामान समेत लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस समय हुई जब घर की मालकिन पिंकी देवी अपने पति महेंद्र राणा के साथ 8 अगस्त को राखी पर्व मनाने अपने मायके कोडरमा गई हुई थीं।
जानकारी के अनुसार, सोमवार देर शाम मकान मालिक ने फोन कर पिंकी देवी को बताया कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है और अंदर का सामान बिखरा पड़ा है। सूचना मिलते ही दंपती तुरंत घर लौटे और रात करीब 10 बजे पहुंचे। घर के अंदर घुसते ही उन्होंने देखा कि अलमीरा का लॉक टूटा हुआ है और उसमें रखे करीब 70 हजार रुपये नकद, सोने के गहने, एक लैपटॉप और एलईडी टीवी गायब हैं। पूरे घर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था, जिससे साफ है कि चोरों ने सर्चिंग कर चोरी को अंजाम दिया।
पीड़ित पिंकी देवी ने बताया कि उनके पति लिफ्ट निर्माण का काम करते हैं और घटना के समय घर पूरी तरह खाली था। चोरी की खबर मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना करने के साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगालने शुरू कर दिए हैं, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।



