India News: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के बड़ा बाजार इलाके में मंगलवार रात ऋतुराज होटल में लगी भीषण आग की घटना ने पूरे शहर को दहला दिया। इस हादसे में 14 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग झुलसने से घायल हुए। मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए होटल के मालिक आकाश चावला और प्रबंधक गौरव कपूर को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार यह मामला जोरासांको थाने में स्वतः संज्ञान लेकर दर्ज किया गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि होटल में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। इससे यह संदेह गहराता है कि लापरवाही के कारण यह भयावह हादसा हुआ।
हादसे के वक्त होटल में कुल 42 कमरे बुक थे, जिनमें लगभग 88 लोग ठहरे हुए थे। रात 8:10 बजे अचानक आग लगने से पूरे होटल में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए भागने लगे, लेकिन धुएं और लपटों के कारण कई लोग अंदर ही फंसे रह गए। दमकल की कई गाड़ियों और स्थानीय पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक 14 लोगों की जान जा चुकी थी।
पुलिस ने बताया कि अब तक 14 में से 12 शवों की पहचान कर ली गई है और उनका पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा जा चुका है। शेष दो शवों की पहचान करने की प्रक्रिया जारी है। इस अग्निकांड में मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अधिकारियों का कहना है कि होटल में अग्निशमन यंत्रों का अभाव था और सुरक्षा नियमों का उल्लंघन किया गया था। प्रारंभिक जांच के आधार पर मालिक और प्रबंधक को गिरफ्तार किया गया है और आगे की पूछताछ जारी है।
कोलकाता नगर निगम और अग्निशमन विभाग ने शहर के अन्य किफायती होटलों की सुरक्षा जांच का आदेश दिया है ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।



