Chaibasa: कोल्हान क्षेत्र के आदिवासी हो समुदाय की सांस्कृतिक धरोहर, परंपराओं और प्रकृति पूजा को संरक्षित तथा प्रचारित करने के उद्देश्य से 15 मार्च 2026 को खूंटकट्टी मैदान, तांबो (चाईबासा) में ‘कोल्हान ब्ह रुमुल’ सह सांस्कृतिक यात्रा का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का आयोजन कोल्हान ब्ह रुमुल आयोजन समिति की ओर से किया जा रहा है।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रविवार को प्रकृति व्याख्या केंद्र, खूंटकट्टी मैदान में आयोजन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आयोजन समिति के अध्यक्ष संजय सारील देवगम ने की। बैठक में कार्यक्रम को सफल और भव्य बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक यात्रा भी निकाली जाएगी। यह यात्रा आयोजन स्थल खूंटकट्टी मैदान से शुरू होकर तांबो चौक, गौशाला चौक, टुंगरी पोस्ट ऑफिस चौक, सदर थाना, जैन मार्केट, कोर्ट परिसर और घंटाघर होते हुए पुनः आयोजन स्थल पर पहुंचेगी। इसके अलावा पारंपरिक नृत्य-गीत प्रतियोगिता, सामूहिक नृत्य, लोक प्रदर्शन और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
आयोजन समिति के अध्यक्ष संजय सारील देवगम ने कोल्हान क्षेत्र के लोगों, हो समाज के बुद्धिजीवियों, सामाजिक अगुवाओं, युवाओं, कलाकारों, लेखकों और विभिन्न संगठनों से इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है, ताकि इस सांस्कृतिक आयोजन को सफल और यादगार बनाया जा सके।
बैठक में आयोजन समिति के संरक्षक बबलू बानरा, कार्यक्रम प्रबंधक साधु हो, सलाहकार प्रियतम प्रकाश पूरती, कोषाध्यक्ष सत्यजीत सुंडी, सन्नी संदीप देवगम, मधुसूदन बानरा, जगबंधु बानरा, गुरा सिंकू, सुभाष सिंकू, कंचनलता गगराई, बिंग विक्रम सिंह बोदरा, रवि बिरुली, रमेश जेराई, राहुल पूरती, पंकज बंकिरा, डॉ बबलू सुंडी, आकाश हेंब्रम, इपिल जेराई, प्रधान तामसोय, बासिल हेंब्रम, प्रीतम सीताराम तैसुम, सुमित सिंकू, बेस बिरुली सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम की जानकारी आयोजन समिति के प्रबंधक सह मीडिया प्रभारी साधु हो ने दी।



