अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Bihar News: कटिहार जिले के कोलासी कैम्प अंतर्गत कोढ़ा थाना पुलिस ने चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा कर लाखों रुपये के आभूषण और नकदी बरामद कर ली है। पुलिस ने घटना में शामिल आरोपी चंदन कुमार पासवान को गिरफ्तार किया है।
मामला 29 जुलाई का है, जब पीड़ित राजेंद्र प्रसाद साह ने कोढ़ा थाना में लिखित आवेदन देकर शिकायत की थी कि उनके ताला बंद घर से अज्ञात चोरों ने लगभग 9.50 लाख रुपये के सोना-चांदी के गहने और कीमती सामान के साथ-साथ 2 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। इस संबंध में कोढ़ा थाना कांड संख्या 179/25 दर्ज की गई थी।
पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी शाखा की मदद से जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले सबूतों के आधार पर पुलिस ने आरोपी चंदन कुमार पासवान को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि इस चोरी में उसके साथ अन्य साथी भी शामिल थे।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने छापेमारी कर चोरी की गई सामग्री बरामद की। बरामद सामान में चांदी का हनुमान जी का लॉकेट, चांदी की सिकड़ी, सोने की चेन, सोने की अंगूठियां, चांदी का हाथ का बाला, चांदी का पायल, आधार कार्ड, मोबाइल फोन और 3000 रुपये नकद शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। कोढ़ा थानाध्यक्ष ने कहा कि इस मामले में त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच की मदद से चोरी का पर्दाफाश संभव हुआ।

