Koderma News: छठ पूजा के दौरान जब महिलाएं भगवान सूर्य को अर्घ्य दे रही थीं, उसी वक्त एक शर्मनाक वारदात ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। तिलैया थाना क्षेत्र के महतो आहर छठ घाट पर पूजा में लीन एक महिला के गले से सोने की चैन उड़ा ली गई। घटना ने पुलिस की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
भीड़ का फायदा उठाकर किया वारदात, महिलाओं ने दिखाया हौसला
घटना सोमवार शाम की है, जब घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी। उसी दौरान आठ महिलाओं का एक गिरोह घाट पर सक्रिय था। जैसे ही मौका मिला, उन्होंने पूजा में व्यस्त एक महिला के गले से सोने की चैन झपट ली और भागने लगीं। लेकिन महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर आस-पास मौजूद लोगों ने तुरंत पीछा किया और गिरोह की सभी आठ महिलाओं को एक टोटो चालक की मदद से पकड़ लिया।
स्थानीयों की मदद से पुलिस को बड़ी सफलता
गिरफ्तार की गई महिलाओं को स्थानीय लोगों ने पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने तलाशी के दौरान उनके पास से उड़ाई गई चैन और चैन काटने का औजार (कटर) बरामद किया। सभी महिलाएं उड़िया भाषा में बातचीत कर रही थीं, जिससे शक जताया जा रहा है कि गिरोह झारखंड के बाहर से आया था।
पुलिस ने गिरोह की दो महिलाओं की पहचान कर ली है और बाकियों से पूछताछ जारी है। साथ ही, झंडा चौक इलाके में हुई एक अन्य चेन स्नेचिंग की घटना की जांच भी जारी है, जहां अभी तक चैन बरामद नहीं हो पाई है।
“अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा” – पुलिस
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान ऐसी घटनाओं पर सख्त निगरानी रखी जा रही है और इस गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश जारी है। उन्होंने कहा, “आस्था के माहौल को खराब करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।”



