Koderrma: झारखंड के कोडरमा जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां इलाज के लिए ले जाई जा रही डेढ़ साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। यह हादसा नवलशाही थाना क्षेत्र के कोडरमा-जमुआ मुख्य मार्ग पर पहाड़पुर के पास हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार, गिरिडीह जिले के घोड़थम्बा निवासी विनोद पांडेय अपनी डेढ़ वर्षीय भतीजी आयुषी कुमारी को इलाज के लिए एंबुलेंस से कोडरमा सदर अस्पताल ले जा रहे थे। उनके साथ परिवार के अन्य सदस्य प्रमिला देवी और महेश पांडेय भी मौजूद थे। बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही थी, इसलिए जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचने की कोशिश की जा रही थी।

इसी दौरान रास्ते में पहाड़पुर के पास विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे एक हाइवा ने एंबुलेंस को चकमा दे दिया। अचानक हुए इस हादसे में एंबुलेंस बुरी तरह दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद की और सभी घायलों को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान मासूम आयुषी कुमारी ने दम तोड़ दिया। यह खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

वहीं, अन्य घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल कोडरमा रेफर कर दिया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

इस हादसे के बाद एक बार फिर इलाके में बेलगाम दौड़ रहे हाइवा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में बड़ी संख्या में हाइवा बिना किसी सख्त निगरानी के तेज रफ्तार में चल रहे हैं, जिससे आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं और मासूमों समेत कई लोग अपनी जान गंवा रहे हैं।

लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे भारी वाहनों की जांच और नियंत्रण को लेकर ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।

Share.
Exit mobile version