India News: मध्यप्रदेश के खंडवा जिले से एक भयावह और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति कब्रिस्तान में महिलाओं की कब्रें खोदकर शवों के साथ छेड़छाड़ करता हुआ पकड़ा गया। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब कुछ लोग अपने परिजनों की कब्र पर दुआ-फातिहा करने पहुंचे। उन्होंने देखा कि कब्रें खुदी हुई थीं और उनके साथ छेड़छाड़ के निशान मौजूद थे।
CCTV फुटेज से खुला राज
लोगों की शिकायत पर कब्रिस्तान प्रबंधन ने तुरंत प्रशासन को जानकारी दी और कब्रिस्तान में सीसीटीवी कैमरे लगवाए। जब फुटेज खंगाली गई तो सामने आया कि एक व्यक्ति रात के अंधेरे में नग्न अवस्था में कब्रों की खुदाई कर रहा था। हैरानी की बात यह रही कि उसने एक कैमरे को कपड़े से ढकने की कोशिश भी की, लेकिन दूसरे कैमरे में उसकी हरकतें रिकॉर्ड हो गईं।
आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान अयूब खान (50 वर्ष), निवासी मुंदवाड़ा गांव के रूप में की। पुलिस ने उसे हरसूद के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में अयूब ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने यह भी बताया कि उसने इससे पहले मई 2025 में खंडवा और सिहाड़ा के कब्रिस्तानों में भी इसी तरह की कुकर्म की घटनाएँ की थीं।
तांत्रिक क्रिया का हवाला देकर किया अपराध
पुलिस पूछताछ में अयूब ने दावा किया कि जेल में उसे एक व्यक्ति ने तथाकथित तांत्रिक क्रिया के लिए उकसाया था। उसी बहाने उसने महिलाओं की कब्रें खोदीं और अमानवीय हरकतें कीं। हालांकि पुलिस इस दावे को गंभीरता से खारिज करते हुए इसे उसकी आपराधिक प्रवृत्ति का हिस्सा मान रही है।
आपराधिक इतिहास से कांप उठे लोग
अयूब खान का आपराधिक रिकॉर्ड काफी खतरनाक है। उसके खिलाफ एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या और चोरी जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि उसने अपनी दो पत्नियों की हत्या भी की थी। वह हाल ही में एक पत्नी की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काटकर 15 मई 2025 को जेल से बाहर आया था। और जेल से बाहर आने के महज चार दिन बाद ही उसने कब्रिस्तान में यह घिनौना खेल शुरू कर दिया।
सख्त कार्रवाई की तैयारी
पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने का मामला दर्ज किया गया है। साथ ही उसकी खतरनाक प्रवृत्ति को देखते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत भी एक्शन लिया जा रहा है। इस कृत्य से पूरे जिले में आक्रोश और दहशत का माहौल है।



