Nawada : राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता और नवादा के पूर्व विधायक कौशल यादव ने रविवार को प्रेस वार्ता कर कहा कि लालू प्रसाद यादव की पुत्रवधू के खिलाफ की गई अपमानजनक टिप्पणी से पूरा पिछड़ा और दलित समाज मर्माहत है। उन्होंने बिना नाम लिए उस पूर्व मंत्री पर निशाना साधा, जो कभी राजद के सहयोग से राजनीति में आगे बढ़े और लंबे समय तक विधायक व मंत्री रहे।
कौशल यादव ने आरोप लगाया कि NDA सरकार के समय इसी नेता को एक कुर्मी बालिका से बलात्कार के मामले में जेल भेजा गया था। लेकिन दोषमुक्त होने के बाद जेल से बाहर आते ही उन्होंने बिहार विधानसभा में तेजस्वी यादव की पत्नी को ‘जर्सी गाय’ कहकर संबोधित किया, जो न केवल यादव समाज बल्कि पूरे वंचित तबके का अपमान है।
पूर्व विधायक ने कहा कि यह नेता यादव समाज को आपस में बांटने का काम कर रहा है, जिससे समाज को गहरा नुकसान हो रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि लालू प्रसाद यादव ने उनके परिवार को राजनीति में विशेष स्थान दिलाया और कई लाभ दिए, लेकिन अब वही नेता कृतघ्नता दिखा रहे हैं।
कौशल यादव ने कहा कि तेजस्वी यादव की पत्नी एक साधारण घरेलू महिला हैं, जो अपने बच्चों की परवरिश कर रही हैं और इस तरह के अपशब्द केवल गंदी मानसिकता को दर्शाते हैं। उन्होंने साफ कहा कि पूरा समाज इस कुकृत्य का जवाब एकजुट होकर देगा।



