अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Bihar News: बिहार के कटिहार जिले के कुरसेला थाना इलाके के सिमर गाछ कटरिया चौक के पास रात करीब 2 बजे दो ट्रकों की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। इस टक्कर के कारण दोनों ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गये और एक ट्रक के केबिन में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई।
शुक्र है कि मौके पर मौजूद ग्रामीणों की तत्परता और फायर ब्रिगेड की समय पर पहुंचकर कार्रवाई से बड़ी अनहोनी टल गई। हादसे में एक ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे कुरसेला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे पूर्णिया के मैक्स अस्पताल रेफर कर दिया। वहाँ उसका इलाज जारी है और उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही कुरसेला थाना अध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। एनएच-31 पर लगने वाले लंबा जाम पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से हटाकर यातायात पुनः चालू किया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कटरिया मोड़ पर यह पहली दुर्घटना नहीं है। तेज रफ्तार और खतरनाक सड़क ने कई जानें ले ली हैं और पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।

