Bihar News: मुख्यमंत्री की ‘प्रगति यात्रा’ केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रहने वाली है। कटिहार जिले को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने जिले में चल रही 891 करोड़ रुपये की भारी-भरकम परियोजनाओं की समीक्षा कर स्पष्ट कर दिया है कि अब ‘लटकाओ-भटकाओ’ की नीति नहीं चलेगी। जिले के युवाओं, किसानों और आम नागरिकों के लिए यह साल बदलाव का साल होने वाला है।

खिलाड़ियों को मिलेगा ‘आधुनिक’ राजेंद्र स्टेडियम

कटिहार के युवाओं के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी राजेंद्र स्टेडियम को लेकर है। 28 करोड़ रुपये की लागत से इसे एक विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित किया जाएगा। अब यहां के धावक और खिलाड़ी मिट्टी पर नहीं, बल्कि आधुनिक इंडोर स्टेडियम, स्विमिंग पूल और हाई-टेक जिम जैसी सुविधाओं के बीच अपना पसीना बहाएंगे।

जाम से मुक्ति और पर्यटन को पंख

शहर के साहेब पारा और संतोषी चौक पर लगने वाले भीषण जाम से मुक्ति के लिए 193.65 करोड़ की लागत से दो नए रेलवे ओवरब्रिज (ROB) का निर्माण होगा। वहीं, कुदरत की अनमोल देन गोगाबील झील को 10.22 करोड़ से संवारा जाएगा, जिससे यहां बोटिंग और पिकनिक स्पॉट विकसित कर रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकें। आस्था के केंद्र बाबा गोरखनाथ धाम में भी 14.2 करोड़ से पर्यटकीय सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

स्वच्छता और प्रशासन पर फोकस

शहर को गंदगी से मुक्त करने के लिए 364.35 करोड़ रुपये का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) लगाया जा रहा है, जो जल प्रदूषण को रोकने में मील का पत्थर साबित होगा। साथ ही, आम जनता को ब्लॉक के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए आजमनगर, कोढ़ा, फलका, बरारी और प्राणपुर समेत कई प्रखंडों में करीब 130 करोड़ की लागत से नए अंचल-सह-आवासीय भवनों का निर्माण अंतिम चरण में है।

इस खबर को भी पढ़ें : कटिहार की बेटी स्मिता शर्मा ने जीता मिसेज एलिट कैलिफोर्निया यूनिवर्स का खिताब

डीएम आशुतोष द्विवेदी ने कड़े लहजे में अधिकारियों को हिदायत दी है कि सभी कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरे होने चाहिए। कटिहार की जनता अब इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने का बेसब्री से इंतजार कर रही है।

Share.
Exit mobile version