Bihar News: बिहार में विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आते जा रहे हैं, राजनीतिक हलचल भी तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पटना पहुंचे, जहां उनका पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने जोरदार स्वागत किया। नड्डा का यह दौरा संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति तय करने के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

विपक्ष पर साधा निशाना और बोले- नाच ना आवे आंगन टेड़ा…

पटना पहुंचते ही नड्डा ने विपक्ष पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज विपक्ष की राजनीति निचले स्तर तक गिर चुकी है। प्रधानमंत्री की मां के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया, जो बेहद शर्मनाक है। उन्होंने विपक्ष के रवैये पर तंज कसते हुए कहा – “नाच ना आवे आंगन टेढ़ा।” नड्डा ने कहा कि जब चुनाव जीतने की क्षमता नहीं होती, जनता का आशीर्वाद नहीं मिलता तो विपक्ष चुनाव आयोग पर ठीकरा फोड़ देता है।

बीजेपी अध्यक्ष ने बिहार के विपक्षी नेताओं की शैक्षिक योग्यता पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि कोई 8वीं पास है तो कोई 9वीं पास। ऐसे नेताओं के हाथों में बिहार का भविष्य सुरक्षित नहीं हो सकता। नड्डा ने 2003 से पहले बिहार में होने वाले ‘तेल पिलावन’ और ‘लाठियाभाज’ जैसे आयोजनों का जिक्र कर विपक्ष पर जंगलराज का तंज भी कसा।

बिहार में चुनावी सरगर्मी हुईं तेज

नड्डा के इस दौरे से साफ है कि बिहार में बीजेपी चुनावी मोर्चे पर पूरी तरह सक्रिय हो चुकी है। कार्यकर्ताओं को उत्साहित करने और संगठन को मजबूत करने के साथ ही उन्होंने विपक्ष पर हमले तेज कर दिए हैं।

गौर करने वाली बात यह है कि नड्डा के बाद जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी बिहार का दौरा करने वाले हैं। 17 सितंबर को पीएम मोदी राज्य को कई परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसमें सबसे बड़ी घोषणा पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन होगा, जो बिहारवासियों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।

बीजेपी नेतृत्व का लगातार बिहार का रुख करना इस बात का संकेत है कि पार्टी इस बार चुनाव को लेकर कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। नड्डा के हमले और पीएम मोदी की आगामी रैली ने बिहार की राजनीति में चुनावी सरगर्मी और ज्यादा तेज कर दी है।

Share.
Exit mobile version