अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jharkhand News: जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नोवामुंडी प्रखंड के डीवीसी स्थित आदिवासी एसोसिएशन क्लब में मंगलवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के बैनर तले एक भव्य प्रखंड स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष दुर्गा चरण देवगम ने की, जबकि मंच संचालन पूर्व प्रखंड सचिव मनोज लागुरी ने किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी मौजूद थीं। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में झामुमो जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम, जिला सचिव राहुल आदित्य, केंद्र सदस्य अभिषेक सिंकु, और जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन ने भाग लिया।
सम्मेलन की शुरुआत स्वागत भाषण से हुई, जिसमें प्रखंड अध्यक्ष दुर्गा चरण देवगम ने कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया।
जिला सचिव राहुल आदित्य ने अपने संबोधन में संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम ने झामुमो के संघर्षमय इतिहास और सरना धर्म कोड पर पार्टी के दृष्टिकोण को विस्तार से रखा।
लक्ष्मी सुरेन का संदेश:
जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा माटी की पार्टी है, जो हर वर्ग और समुदाय के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की नीतियों से प्रभावित होकर 200 से अधिक लोगों ने पार्टी की सदस्यता ली है। उन्होंने यह भी दावा किया कि आने वाले वर्षों में बीजेपी का झारखंड से सफाया हो जाएगा।
जोबा माझी के ऐलान:
मुख्य अतिथि जोबा माझी ने अपने जोरदार भाषण में पार्टी को जमीनी स्तर तक मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पलायन रोकना, युवाओं को रोजगार से जोड़ना, बंद खदानों को पुनः खोलना और स्थानीय लोगों को 75% रोजगार देना झामुमो की प्राथमिकता है। उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा को सभी की जिम्मेदारी बताया और हर जाति-धर्म के सम्मान व सर्वांगीण विकास का भरोसा दिलाया।
भारी संख्या में लोगों की भागीदारी:
सम्मेलन में मझगांव विधायक प्रतिनिधि शशि भूषण, जिला उपाध्यक्ष मो. इकबाल अहमद, जिला सदस्य रिमु बहादुर, विपिन पूर्ति, रामा पांडेय, प्रेम गुप्ता, जय राम गोप सहित कई प्रमुख नेता उपस्थित थे। साथ ही 18 पंचायतों से आए महिला-पुरुष कार्यकर्ता और झामुमो समर्थकों की भारी भीड़ ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया।
भाजपा को झटका:
कार्यक्रम में पूर्व भाजपा प्रखंड अध्यक्ष अजीत सिंह, अल्पसंख्यक मोर्चा नेता सलीम और कृष्णा दास ने अपने समर्थकों के साथ झामुमो की सदस्यता ग्रहण की, जिससे विपक्षी खेमे को बड़ा झटका लगा है।
कार्यक्रम का समापन जोश और उमंग के साथ हुआ, जिसमें झामुमो की नीतियों और आदिवासी समाज के संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराया गया।

