अपनी भाषा चुनेें :
Ranchi : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज अपने आवासीय कार्यालय कांके रोड, रांची में लातेहार जिले में प्रस्तावित टाइगर सफारी प्रोजेक्ट का प्रेजेंटेशन देखा। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को परियोजना के महत्व और इसकी रूपरेखा से अवगत कराया। बताया गया कि यह झारखंड का पहला टाइगर सफारी प्रोजेक्ट होगा, जो पुटूवागढ़ क्षेत्र में स्थापित किया जाएगा और पलामू टाइगर रिजर्व से बाहर होगा।
परियोजना का क्षेत्र बेतला नेशनल पार्क के पास चिन्हित किया गया है। अधिकारियों ने कहा कि टाइगर सफारी बनने से डल्टनगंज, बरवाडीह और मंडल डैम के स्थानीय ग्रामीणों को आजीविका के नए अवसर मिलेंगे। यह परियोजना पलामू टाइगर रिजर्व (PTR) क्षेत्र के इको टूरिज्म सर्किट नेतरहाट, बेतला, केचकी से लेकर मंडल डैम तक के विकास में भी एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना सभी निर्धारित मानकों और पर्यावरण नियमों का पालन करते हुए विकसित की जाए। परियोजना से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि पर्यटकों को बाघ और अन्य वन्यजीवों को करीब से देखने का अनोखा अनुभव भी मिलेगा। इसके साथ ही स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और समृद्धि के नए अवसर सृजित होंगे।
इस मौके पर मंत्री सुदिव्य कुमार, विधायक कल्पना सोरेन, प्रधान मुख्य वन संरक्षक वाइल्डलाइफ परितोष उपाध्याय, पलामू टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर एस.आर. नाटेश, उप निदेशक प्रजेश जेना और कंसल्टेंट अशफाक अहमद समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने परियोजना की विभिन्न बिंदुओं पर गहन जानकारी ली और अधिकारियों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए ताकि यह प्रोजेक्ट समयबद्ध और व्यवस्थित रूप से पूर्ण हो सके। झारखंड के लिए यह प्रोजेक्ट पर्यटन और स्थानीय विकास दोनों के दृष्टिकोण से ऐतिहासिक पहल साबित होगा।

