Ranchi News: झारखंड में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है और अब यह अपना रौद्र रूप दिखाने को तैयार है। मौसम केंद्र रांची के अनुसार, उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही बर्फीली हवाओं ने राज्य के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की है। स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। आने वाले 72 घंटों में कनकनी और बढ़ने वाली है, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो सकता है।

इन जिलों में सबसे ज्यादा असर; सामान्य से 4 डिग्री नीचे जाएगा पारा

मौसम विभाग की मानें तो रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा, बोकारो, हजारीबाग और पलामू में ठंड का सबसे अधिक असर देखने को मिलेगा। इन जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कम रह सकता है। खासकर पहाड़ी और जंगलों से घिरे इलाकों में ठंडी हवाओं के साथ-साथ घना कोहरा भी छाए रहने की संभावना है, जिससे सुबह के समय विजिबिलिटी काफी कम हो सकती है।

स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन अलर्ट; बुजुर्गों-बच्चों को विशेष सावधानी की सलाह

घने कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने वाहन चालकों को कोहरे के दौरान सतर्क रहने को कहा है। साथ ही, स्वास्थ्य विभाग ने बुजुर्गों, बच्चों और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों को सुबह और देर रात बाहर न निकलने की सलाह दी है। कृषि वैज्ञानिकों ने भी खुले में काम करने वाले किसानों को फसलों और अपनी सेहत के प्रति जागरूक रहने का निर्देश दिया है। राज्य सरकार ने प्रशासन को भी अलर्ट मोड पर रखा है ताकि ठंड से किसी प्रकार की अनहोनी न हो।

Share.
Exit mobile version