Ranchi: झारखंड के ज्यादातर जिलों में अब मानसून की विदाई की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच से छह दिनों तक राज्य में मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। हालांकि इस दौरान रात के तापमान में गिरावट देखी जा सकती है, जिससे सुबह और देर रात हल्की ठंड महसूस होगी।

रविवार को मौसम विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक फिलहाल झारखंड के ऊपर किसी भी तरह का सिस्टम सक्रिय नहीं है। यानी आने वाले दिनों में भारी बारिश या तूफानी गतिविधि की कोई संभावना नहीं है। विभाग का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरे राज्य से विदा ले लेगा।

राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में बीते दो दिनों से सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस की जा रही है, जबकि दिन में धूप तेज और गर्म बनी हुई है। सुबह के समय हल्की ओस भी देखी जा रही है, जो मौसम में बदलाव का संकेत है।

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राज्य के कुछ इलाकों में हल्की और छिटपुट बारिश दर्ज की गई, लेकिन अब आसमान साफ है। रविवार की सुबह रांची में हल्की ठंड और गुनगुनी धूप ने मौसम को सुहावना बना दिया।

राज्य के प्रमुख शहरों के तापमान की बात करें तो रांची में अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस, जमशेदपुर में 33.5 डिग्री, डाल्टनगंज में 32.5 डिग्री, बोकारो में 31.5 डिग्री और चाईबासा में 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे दो से तीन डिग्री तक की गिरावट दर्ज होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अब राज्य में धीरे-धीरे सर्दी के मौसम की शुरुआत होगी। अक्टूबर के तीसरे सप्ताह से रात के तापमान में और गिरावट आने लगेगी और नवंबर से सुबह की ठंड साफ महसूस की जाएगी।

Share.
Exit mobile version