Jhsrkhand News: झारखंड में मानसून का कहर लगातार जारी है। बीते 24 घंटे में जहां औसतन 13.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, वहीं शनिवार और रविवार को आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक बच्ची भी शामिल है, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए हैं।

राज्य के कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का खतरा बना हुआ है। रांची समेत 12 जिलों के लिए अगले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट मौसम विभाग द्वारा जारी किया गया है। प्रभावित जिलों में गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, रांची, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और बोकारो शामिल हैं।

मानसून की चाल और आगे का पूर्वानुमान
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, राज्य के ऊपर बना मानसूनी सिस्टम धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है। मंगलवार और बुधवार को बारिश की रफ्तार में कुछ कमी आने की संभावना है। हालांकि, 10 जुलाई से मानसून फिर से सक्रिय होगा और राज्यभर में झमाझम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

सावधानी जरूरी, वज्रपात का खतरा बढ़ा

वज्रपात की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि बिजली चमकते समय खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे या ऊंचे इलाकों में न रहें। किसानों और ग्रामीणों को सतर्क रहने को कहा गया है।

लगातार हो रही बारिश और वज्रपात से राज्यभर में दहशत का माहौल है। प्रशासनिक स्तर पर राहत और सुरक्षा कार्य तेज़ कर दिए गए हैं ताकि किसी भी आपदा से लोगों की जान बचाई जा सके।

Share.
Exit mobile version