अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jharkhand News: गुरुवार की सुबह साहिबगंज जिले के बरहरवा हिल अपर साइड में एक बड़ा रेल हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। पत्थर चिप्स से लदी एक मालगाड़ी अनियंत्रित होकर पटरी से उतर गई और उसकी करीब 18 बोगियां एक के बाद एक पलटती चली गईं। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन रेलवे को करोड़ों रुपये का नुकसान जरूर हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह मालगाड़ी पहाड़ी क्षेत्र से नीचे ढलान की ओर आ रही थी, तभी अचानक नियंत्रण खो बैठी। देखते ही देखते गाड़ी की बोगियां तेज आवाज के साथ एक-दूसरे से टकराने लगीं और पलट कर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के गांवों के लोग डर के मारे अपने घरों से बाहर निकल आए और मौके पर पहुंच गए।
घटना स्थल पर भारी भीड़ जुट गई। मौके की नजाकत को देखते हुए सुरक्षा बलों, स्थानीय प्रशासन और रेलवे अधिकारियों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया। राहत और जांच कार्य शुरू कर दिया गया। मालदा रेल मंडल के डीआरएम मनीष गुप्ता स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
रेलवे प्रशासन की मानें तो यदि ट्रेन की रफ्तार और बोगियों की दिशा थोड़ी भी और बदल जाती, तो यह हादसा और भी गंभीर हो सकता था, क्योंकि ट्रेन की कई बोगियां घनी आबादी की ओर गिरने लगी थीं। सौभाग्य से किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
फिलहाल रेलवे की तकनीकी टीम यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे की असल वजह क्या थी – तकनीकी खराबी, ब्रेक फेल्योर या लोड असंतुलन।
इस घटना ने एक बार फिर से रेलवे की सुरक्षा प्रणाली और पहाड़ी क्षेत्रों में ट्रैकिंग के संचालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

