Ranchi : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को रांची स्थित अपने कांके रोड आवासीय कार्यालय में पलामू जिला बल के शहीद आरक्षी सुनील कुमार राम और संतन कुमार मेहता के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दोनों परिवारों को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की ओर से दी गई 1 करोड़ 10 लाख-1 करोड़ 10 लाख रुपये की सम्मान राशि का चेक सौंपा। यह राशि सीधे परिजनों के बैंक खातों में जमा की गई।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि सरकार पुलिस विभाग के जवानों और उनके परिवारों के लिए एक विशेष अस्पताल बनाने की योजना पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा, “राज्य सरकार हमारे पुलिस परिवार को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए ठोस कार्य योजना तैयार कर रही है। जल्द ही अस्पताल निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।”
मौके पर अधिकारियों ने बताया कि दोनों शहीद आरक्षियों की पत्नियां स्नातक हैं और उन्हें पुलिस विभाग में क्लर्क के पद पर नियुक्ति दी जाएगी। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयास से आज प्रत्येक परिवार को एक करोड़ दस लाख रुपये की सहायता राशि दी गई है। वहीं, पुलिस विभाग की नीति के अनुसार उग्रवादी घटना में शहीद हुए जवानों के लिए निर्धारित राशि जोड़ने के बाद दोनों परिवारों को कुल लगभग दो करोड़ रुपये की सहायता दी जाएगी।
इस अवसर पर राज्य के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर, पुलिस महानिदेशक अनुराग गुप्ता, पलामू एसपी रिष्मा रमेशन, और एसबीआई के वरिष्ठ अधिकारी सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।



