अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बहुजन समाज के मार्गदर्शक और सामाजिक क्रांति के अग्रदूत कांशीराम को ‘भारत रत्न’ देने की मांग का पुरजोर समर्थन किया है। रविवार को प्रदेश कांग्रेस के मीडिया चेयरमैन सतीश पौल मुंजनी ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (RG) का आभार व्यक्त किया।
वंचितों की आवाज को मिला सम्मान
सतीश पौल मुंजनी ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री कार्यालय को पत्र लिखकर मान्यवर कांशीराम के लिए देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान की मांग करना एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि कांशीराम ने अपना पूरा जीवन देश के करोड़ों दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों को संगठित करने और उन्हें सत्ता में उनकी हिस्सेदारी दिलाने के लिए समर्पित कर दिया।
सामाजिक न्याय के लिए कांग्रेस की प्रतिबद्धता
झारखंड कांग्रेस ने इसे सामाजिक न्याय की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया है। मुंजनी ने कहा, “कांग्रेस पार्टी हमेशा से संविधान की मूल भावना और समानता के लिए खड़ी रही है। राहुल गांधी की यह मांग उन करोड़ों लोगों की भावनाओं का सम्मान है, जो कांशीराम को अपना आदर्श मानते हैं।”
बहुजन आंदोलन का होगा सम्मान
पार्टी का मानना है कि यदि केंद्र सरकार कांशीराम को ‘भारत रत्न’ से नवाजती है, तो यह न केवल व्यक्ति विशेष का सम्मान होगा, बल्कि उस पूरे बहुजन आंदोलन की जीत होगी जिसने देश के वंचितों को आत्मसम्मान के साथ जीना सिखाया। प्रदेश कांग्रेस ने केंद्र सरकार से अपील की है कि वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर इस मांग पर विचार करें और कांशीराम के महान योगदान को सच्ची श्रद्धांजलि दें।

