Ranchi : झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन मंगलवार को सदन ने 5 महत्वपूर्ण विधेयकों को ध्वनिमत से पारित कर दिया। इस दौरान सदन ने बिहार में चल रहे मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर भी प्रस्ताव पास किया।
भोजनावकाश के बाद शुरू हुई कार्यवाही में सदन ने क्रमशः झारखंड राज्य विश्वविद्यालय विधेयक-2025, झारखंड व्यावसायिक शिक्षण संस्थान (शुल्क विनियमन) विधेयक-2025, झारखंड कोचिंग सेंटर (नियंत्रण एवं विनियमन) विधेयक-2025, झारखंड सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम (विशेष छूट) विधेयक-2025 और झारखंड प्लेटफार्म आधारित गिग श्रमिक (निबंधन और कल्याण) विधेयक-2025 को मंजूरी दी।
राज्य के संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने सदन को याद दिलाया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती देश की एकता और अखंडता के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि बिहार के चुनाव के मद्देनजर चुनाव आयोग ने विशेष गहन निरीक्षण शुरू किया है। सदन ने इस प्रस्ताव को पारित कर अपनी सहमति जताई।
सदन में अति वृष्टि से उत्पन्न परिस्थितियों पर भी विशेष चर्चा हुई, जिसमें राज्य सरकार की तैयारियों और राहत कार्यों की समीक्षा की गई। इस बैठक में विधायक और अन्य अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।



