Bihar News: बिहार सीएम नीतीश कुमार इस बार मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे यह बात उनके विरोधी बार-बार दोहरा रहे हैं ताकि यह जनता के दिमाग में घर कर जाए, लेकिन जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने अपने रुख को पूरी तरह से साफ कर दिया है। पार्टी ने साफ कहा है कि चाहे जेडीये फर्स्ट डिवीजन आए या थर्ड डिवीजन मुख्यमंत्री तो नीतीश कुमार ही बनेंगे।
बिहार के डिप्टी सीएम ने कहा- अगली सरकार नीतीश के नेतृत्व में ही बनेगी
बता दें महेश्वर हजारी, जेडीयू की अगुवाई वाली एनडीए गठबंधन सरकार में मंत्री हैं उन्होंने कहा कि जेडीयू फर्स्ट डिवीजन आए या थर्ड डिवीजन आए, सीएम तो नीतीश कुमार ही बनेंगे। अब चाहे जैसे भी हो। इसको लेकर किसी को संकोच नहीं रहना चाहिए। इस बीच नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार का भी रिएक्शन सामने आया है। निशांत ने कहा कि बिहार में फिर से एनडीए की सरकार बनेगी। एनडीए को भारी बहुमत मिलना तय है। मेरे पिता ही मुख्यमंत्री बनेंगे।
बीते कुछ महीनों में बिहार की सियासत में सीएम पद को लेकर चर्चाएं तेज हैं। इसके बीच एनडीए की सहयोगी पार्टी जेडीयू ने पटना स्थित अपने पार्टी दफ्तर के बाहर एक बड़ा पोस्टर लगवाया है, जिसमें लिखा है- ‘25 से 30, फिर से नीतीश।’ यह पोस्टर हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी के उस बयान के जवाब में लगाया था जिसमें उन्होंने कहा था कि बीजेपी पूर्वी राज्य (बिहार) में सम्राट चौधरी के नेतृत्व में चुनाव जीतेगी।
जेडीयू नेताओं का इस पोस्टर को लेकर तब कहना था कि यह पोस्टर और संदेश इस बात का प्रमाण है कि नीतीश मैजिक आज भी कायम है। सीनियर जेडीयू नेता नीरज कुमार ने कहा था कि एनडीए पहले ही यह तय कर चुका है कि अगला विधानसभा चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा यानी 2025 से 2030 तक भी मुख्यमंत्री वही रहेंगे… बस इतनी सी बात है।
नीतीश के बेटे निशांत भी कुछ महीने पहले मीडिया के सामने आए थे और कहा था कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी साफ कर दिया है कि विधानसभा चुनाव के बाद भी बिहार के सीएम नीतीश कुमार ही बने रहेंगे। राज्य के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने भी तब दोहराया था कि एनडीए बिहार में सत्ता बनाए रखेगा और अगली सरकार नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही बनेगी। इन बयानों से जेडीयू यह संकेत देना चाहती है कि नीतीश कुमार का नेतृत्व गठबंधन में पूरी तरह स्वीकार्य है और अगली सरकार भी उन्हीं के नेतृत्व में चलेगी। विरोधी दलों के दावों के बावजूद पार्टी अपने सीएम पद के उम्मीदवार को लेकर पूरी तरह स्पष्ट है।



