Jharkhand News: जमशेदपुर के सुंदरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत तुरामडीह में शुक्रवार रात को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। 14 वर्षीय छात्र साहिल नायक का शव उसके घर के बाथरूम में संदिग्ध हालात में फांसी से लटका मिला। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि उसके मुंह पर पट्टी बंधी हुई थी, जिससे मामला और भी रहस्यमय हो गया है।
साहिल इंग्लिश मीडियम स्कूल में आठवीं कक्षा का छात्र था और पढ़ाई में अव्वल माना जाता था। घटना के वक्त उसके माता-पिता घर से कुछ ही दूरी पर अपनी दुकान चला रहे थे। जब उन्हें घटना की सूचना मिली, तो वे तुरंत घर पहुंचे और बेटे को लेकर खासमहल सदर अस्पताल भागे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों ने ग़म और आक्रोश में हंगामा किया। सूचना मिलने पर सुंदरनगर थाना प्रभारी और सर्किल इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। शनिवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
परिजनों का कहना है कि साहिल व्यवहार में सामान्य था और ऐसी कोई बात नहीं थी जिससे लगे कि वह आत्महत्या कर सकता है। वह घर का इकलौता बेटा था, और उसकी मौत ने पूरे परिवार को तोड़ दिया है।
पुलिस ने बताया कि भले ही परिजनों की लिखित शिकायत में मुंह पर पट्टी की बात नहीं है, लेकिन शव की हालत और परिस्थिति को देखते हुए मामला संदिग्ध है। इसलिए आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच से ही सच्चाई सामने आ सकेगी।



