Jamshedpur News: साकची के प्रसिद्ध आभूषण प्रतिष्ठान बीणापानी ज्वेलर्स में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। एक व्यक्ति ग्राहक बनकर आया और करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन चोरी कर फरार हो गया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी सोमवार को राजू बर्मन के स्वामित्व वाले बीणापानी ज्वेलर्स पहुंचा और दुकानदार से अलग-अलग सोने की चेन दिखाने को कहा। उसने बार-बार जेब से पैसे निकालकर यह विश्वास दिलाया कि वह खरीदारी के लिए आया है।
इसी दौरान मौका देखकर उसने एक सोने की चेन उठा ली और धीरे-धीरे बाहर निकल गया। दुकानदार को चोरी की जानकारी कुछ देर बाद हुई, तब तक आरोपी फरार हो चुका था।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की पुष्टि सीसीटीवी फुटेज से हुई है। फुटेज में आरोपी को चेन चोरी करते और दुकान से भागते हुए साफ देखा जा सकता है। दुकान मालिक ने घटना की सूचना पहले पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह को दी, जिन्होंने मामले को साकची थाना पुलिस के संज्ञान में लाया।
राष्ट्रीय स्वर्णकार मंच के अध्यक्ष रंजीत बर्मन ने समिति के सदस्यों के साथ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जब्त कर जांच शुरू कर दी है।



