Jamshedpur News: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छाया नगर में गुरुवार देर रात एक युवक की भीड़ ने चोर समझकर इतनी बेरहमी से पिटाई कर दी कि उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान राहुल भुईंया के रूप में हुई है, जो ठेला चलाकर परिवार का गुजारा करता था।
जानकारी के मुताबिक, घटना रात करीब 1:30 बजे की है। राहुल शौच के लिए घर से बाहर निकला था, तभी पड़ोस में रहने वाले शिवम शर्मा और उसके साथियों ने उसे चोर समझ लिया। बिना कुछ सुने उन्होंने लोहे की रॉड और डंडों से उस पर हमला कर दिया। पिटाई से राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस को सूचना मिलने पर उसे तुरंत एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, लेकिन शुक्रवार तड़के डॉक्टरों ने राहुल को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर हंगामा हुआ।
स्थिति को बिगड़ता देख थाना प्रभारी निरंजन कुमार दल-बल के साथ अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मुख्य आरोपी शिवम शर्मा को गिरफ्तार कर लिया और बाकी आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी।
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक राहुल का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है और वह पहले जेल भी जा चुका है, लेकिन फिलहाल पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है।



