अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi News : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज जमीयतुल मोमिनिन चौरासी, रांची का प्रतिनिधिमंडल नेमरा में मुलाकात करने पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संगठन के अध्यक्ष मजीद अंसारी ने किया। इस दौरान सभी सदस्यों ने गुरुजी शिबू सोरेन के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह सिर्फ मुख्यमंत्री का व्यक्तिगत नुकसान नहीं, बल्कि पूरे झारखंड का अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा, “गुरुजी न केवल आपके पिता थे, बल्कि पूरे राज्य के पिता तुल्य थे। हम आपको दूसरा गुरुजी के रूप में देखना चाहते हैं।”
प्रतिनिधिमंडल ने याद दिलाया कि शिबू सोरेन ने जीवनभर आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए संघर्ष किया और साथ ही हर मजलूम और कमजोर वर्ग की आवाज़ को बुलंद किया। इस अवसर पर मजीद अंसारी ने कहा कि मुस्लिम अल्पसंख्यकों का योगदान राज्य के विकास में हमेशा रहा है और आगे भी रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने पिता की राजनीतिक विरासत को मजबूती से आगे बढ़ाएंगे और राज्य में शांति व सौहार्द का वातावरण बनाए रखेंगे।
बैठक के बाद प्रतिनिधिमंडल ग्राम-लारी, जिला-रामगढ़ के स्वर्गीय आफताब अंसारी के परिजनों से भी मिला। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक कार्रवाई और जांच की स्थिति की जानकारी ली। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि अब तक जांच में लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि मृतक की पत्नी और बच्चों के भरण-पोषण व शिक्षा के लिए 50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए।
जमीयतुल मोमिनिन के प्रवक्ता जुनैद आलम ने आरोप लगाया कि घटना में शामिल हिन्दू टाइगर फोर्स के सदस्यों ने आफताब अंसारी को दुकान से निकालकर मारने की कोशिश की थी, जो CCTV फुटेज में साफ दिखता है। इसके बावजूद सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक अनूप सिंह ने भी बयान दिया है कि मामले को सांप्रदायिक रंग न दिया जाए, लेकिन यह साफ तौर पर एक सुनियोजित हमला था। प्रतिनिधिमंडल ने आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए वे जल्द ही झारखंड के मंत्रियों और पुलिस महानिदेशक (DGP) से मिलेंगे।
इस प्रतिनिधिमंडल में जुनैद आलम, जाकिर अंसारी, नूर आलम, रिजवान अहमद, मोहम्मद लतीफ, ताज्जुद्दीन, मोहम्मद अरशद, अब्दुल इमाम अली, अब्दुल्ला, तबारक अंसारी, अफरोज अंसारी, हरीश अंसारी, अलाउद्दीन अंसारी, ताजुद्दीन अंसारी, इमरान क्रांति, इमरान अंसारी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।

