अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Hyderabad News : हैदराबाद क्रिकेट संघ (HCA) में बड़ा भ्रष्टाचार उजागर हुआ है। IPL के दौरान टिकट घोटाले और वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर आरोपों के चलते संघ के चार शीर्ष अधिकारियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए अधिकारियों में अध्यक्ष जगनमोहन राव, सचिव देवराज, कोषाध्यक्ष सी जे श्रीनिवास और सीईओ सुनील कांते शामिल हैं।
क्या है पूरा मामला
सूत्रों के मुताबिक, IPL 2024 के दौरान इन अधिकारियों ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) टीम प्रबंधन पर दबाव बनाकर कोटे से कहीं अधिक कॉम्प्लिमेंट्री टिकट हासिल किए। इन टिकटों का अवैध रूप से वितरण और काला बाज़ारी की गई, जिससे करोड़ों रुपये की अनियमितता की आशंका है।
इतना ही नहीं, संघ के फंड का दुरुपयोग और घपलेबाज़ी भी सामने आई है। जांच में पता चला है कि कई खर्चों को बिना बोर्ड की मंजूरी के किया गया और संघ के पैसों का उपयोग निजी लाभ के लिए किया गया।
पुलिस कार्रवाई और जांच का दायरा
हैदराबाद पुलिस ने विस्तृत जांच के बाद चारों अधिकारियों को हिरासत में लिया है। अधिकारियों के खिलाफ धोखाधड़ी, भ्रष्टाचार और आपराधिक साजिश की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
जांच एजेंसियों का मानना है कि यह मामला सिर्फ IPL टिकट घोटाले तक सीमित नहीं है, बल्कि संघ के भीतर वर्षों से चल रही वित्तीय गड़बड़ियों का हिस्सा हो सकता है। अब इस मामले की जांच ACB को भी सौंपी जा सकती है।
BCCI और अन्य बोर्ड भी हुए सतर्क
घटना के सामने आने के बाद BCCI (भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड) भी सक्रिय हो गया है। संघ से स्पष्टीकरण मांगा गया है और आगामी घरेलू टूर्नामेंटों की मेज़बानी पर रोक लगाने की संभावना जताई जा रही है। क्रिकेट प्रेमियों में इस खुलासे के बाद नाराजगी है। लोगों का कहना है कि क्रिकेट जैसे खेल को भ्रष्टाचार से दूर रखा जाना चाहिए और दोषियों को कड़ी सज़ा मिलनी चाहिए।

